साल 2022 में मकर संक्रांति 14 जनवरी को मनाई जाएगी या फिर 15 जनवरी को। इसको लेकर लोगों में बड़ा कंफ्यूजन बना हुआ है।
दरअसल मकर संक्रांति का त्यौहार पौष माह की शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को मनाया जाता है। सूर्य जब मकर राशि में प्रवेश करते हैं तो इसे मकर संक्रांति कहा जाता है।
ज्योतिषियों के मुताबिक, इस साल 14 जनवरी और 15 जनवरी दोनों ही दिन पुण्यकाल और स्नान, दान का मुहूर्त बन रहा है। हालांकि इनमें सबसे ज्यादा उत्तम तिथि 14 जनवरी ही होगी।
उत्तरायण काल में मकर संक्रांति का शुभ मुहूर्त शुक्रवार, 14 जनवरी को दोपहर 2 बजकर 43 मिनट से लेकर शाम 5 बजकर 45 मिनट तक रहेगा।
ज्योतिषियों के अनुसार, इस साल संक्रांति देवी बाघ के वाहन पर आई हैं। संक्रांति देवी पीले वस्त्र पहनकर दक्षिण दिशा की ओर चलेंगी।
मकर संक्रांति पर इस बार शत्रुओं का हनन होगा और बाधाएं नष्ट होंगी। शुक्रवार का दिन होने की वजह से मां लक्ष्मी की कृपा भी बनी रहेगी।
मकर संक्रांति पर सूर्य और भगवान विष्णु की पूजा का विधान है। यह व्रत भगवान सूर्य नारायण को समर्पित है।
इस दिन भगवान को तांबे के पात्र में जल, गुड़ और गुलाब की पत्तियां डालकर अर्घ्य दें। गुड़, तिल और मूंगदाल की खिचड़ी का सेवन करें और उसे गरीबों में बांटे।
इस दिन गायत्री मंत्र का जाप करना भी बड़ा शुभ बताया गया है। आप भगवान सूर्य नारायण के मंत्रों का भी जाप कर सकते हैं।